Kanwas News/सांगोद. सहकारी समिति कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को उपखंड कार्यालय सांगोद पर बैनर तले प्रदर्शन किया और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति जयपुर के निर्देश पर तथा कोटा जिला अध्यक्ष महेंद्र मेहता के नेतृत्व में शाखा सांगोद-बपावर के कर्मचारियों ने उपखंड अधिकारी सपना कुमारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन शाखा सांगोद यूनियन अध्यक्ष भगवती गोचर, संयुक्त संघर्ष समिति कोटा संयोजक विश्वनाथ मीणा और बपावर शाखा अध्यक्ष हरिओम जांगिड़ सहित अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में दोपहर करीब 12 बजे सौंपा गया।
कर्मचारियों ने सहकारी विभाग में कैडर गठन और नियोक्ता निर्धारण करने, केंद्रीय सहकारी बैंकों में ऋण पर्यवेक्षक के पदों पर शत-प्रतिशत नियुक्ति करने, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों का नियमितीकरण करने तथा बैंकिंग सहायक के पदों पर 20 प्रतिशत भर्ती करने की मांग उठाई।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर पहले भी विभागीय स्तर पर प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन कई मामले अब भी लंबित हैं। कर्मचारियों ने सरकार से इन मुद्दों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन की रणनीति भी बनाई जाएगी। इस दौरान भगवती गॉड, युवराज गॉड, हेमराज नागर, सोनू शर्मा और भुवनेश सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)











