Kanwas News/कनवास. देवली व कनवास के भाजपा मंडल में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व में सैनिकों के शौर्य और पराक्रम के सम्मान में राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा निकाली गई। आसमान में गूंजते जोशीले नारों और चारों ओर लहराते भारत की आन बान शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के बीच तिरंगा यात्रा को देवली से ऊर्जा मंत्री नागर के द्वारा रवाना किया गया। मुख्य मार्गों से पीसाहेड़ा, आवां, माधोपुर, आवां चौराहा होते हुए कनवास सुभाष सर्किल पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और राष्ट्रवादी नागरिक अपने दुपहिया और चौपहिया वाहनों के साथ रैली में सम्मिलित हुए। ऊर्जा मंत्री तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। रास्ते में मंत्री नागर ने माधोपुर में मृतक संदीप शर्मा के घर पहुंच कर शोक प्रकट किया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाऐं भी शामिल हुईं। नवयुवक दिल में देशभक्ति का जज्बा और हाथों में तिरंगा लिए विभिन्न गांवों के मार्गों से गुजरे तो पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा थाम रखा था तो ‘वन्देमातरम्..’ और ‘‘भारत माता की जय’’ के नारों से आसमान गूंज रहा था। जगह जगह तोरण द्वार और पुष्पवर्षा से स्वागत किया जा रहा था। बीच बीच में ढोल पर युवकों की टोलियां थिरक रही थीं तो डीजे पर देशभक्ति फिल्मी गीतों से माहौल में देशभक्ति की बयार बह रही थी।
ऊर्जा मंत्री नागर ने किया संबोधित- कनवास सुभाष सर्किल पर सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की सेनाओं ने शौर्य और पराक्रम दिखाते हुए दुश्मन देश के आतंकी ठिकानों को नष्ट करने का काम किया है। आज सेना के पराक्रम और वीरता के सामने पूरा देश नतमस्तक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट होकर आतंक का मुकाबला कर रहा है। बाह्य आतंक से मुकाबला करते हुए उनके आतंकवादियों को भी मार रहे हैं और उनके आतंकी ठिकाने को भी खत्म कर रहे हैं। दूसरी ओर, भारत के अंदर मौजूद आंतरिक सुरक्षा को भी मजबूत किया जा रहा है। जो लोग डराकर धमकाकर आतंक पैदा करना चाहते हैं, ऐसे लोगों को देश अब बर्दाश्त नहीं करेगा। कनवास के लोगों ने यह देख लिया है कि जो दूसरों को आतंकित करना चाहेगा उसका नतीजा क्या होगा। यह अभी तो ट्रेलर है, पूरी पिक्चर बाकी है। इस दौरान यात्रा में देवली व कनवास भाजपा मंडल के कहीं पदाधिकारी,कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।