आंधी-बवंडर के बीच भी संपन्न हुआ मालव धाकड़ समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन, एक युवक घायल

Kanwas News/कनवास. क्षेत्र में मालव धाकड़ समाज का 6वां आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन पिसाहेड़ा गांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना और सामूहिक विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम सुचारू रूप से चल रहा था, लेकिन शाम करीब 5:30 बजे अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी, बारिश और बवंडर के चलते विवाह स्थल पर लगे टेंट-पंडाल उखड़ गए और पूरी व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हो गईं।

मौसम के इस कहर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान टेंट गिरने से कनवास निवासी नरेश मालव गंभीर रूप से घायल हो गए। समाज के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें कोटा के सुधा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राकृतिक आपदा के बावजूद आयोजन समिति और समाज के कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी। सभी के सहयोग से विवाह की शेष रस्में पूरी कराई गईं और सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन ने विपरीत परिस्थितियों में भी समाज की एकजुटता, सहयोग भावना और सामूहिक संकल्प का उदाहरण प्रस्तुत किया।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें