कनवास तक जल्द पहुंचेगी ई-बस सेवा, ऊर्जा मंत्री ने दिया आश्वासन

Kanwas News/कनवास. प्रधानमंत्री ई बस सेवा के तहत 28 सितंबर से कोटा-दरा मार्ग पर चार आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने के बाद अब कनवास क्षेत्र के लोगों में भी ई-बस सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी है। कनवास कस्बे तक ई-बस सेवा का विस्तार करने की मांग को लेकर कस्बेवासियों एवं ग्रामीणों ने भाजपा मंडल संयोजक कौशल सोनी और मंडल अध्यक्ष सत्यवान नागर के समक्ष मांग रखी। कनवास से बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान, विद्यार्थी, सरकारी कर्मचारी एवं आमजन रोजाना विभिन्न कार्यों से कोटा आते-जाते हैं। कनवास उपखंड मुख्यालय होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोगों का नियमित आवागमन रहता है। कस्बे में उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय, न्यायालय, राजकीय महाविद्यालय सहित कई सरकारी कार्यालय संचालित हैं। ऐसे में कोटा से कनवास तक नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिल सकती है।

मंडल संयोजक ने ऊर्जा मंत्री के समक्ष रखी मांग- कस्बेवासियों और ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए भाजपा मंडल संयोजक कौशल सोनी ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के समक्ष कोटा से कनवास तक ई-बस सेवा संचालित करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि कोटा-दरा के बीच ई-बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा का विस्तार हुआ है। यदि बसों का संचालन कनवास तक किया जाता है तो कनवास सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

ऊर्जा मंत्री ने जल्द सेवा शुरू कराने का दिया आश्वासन- मांग पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कनवास तक ई-बस सेवा का संचालन जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कस्बेवासियों एवं ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि शीघ्र ही कनवास को भी प्रधानमंत्री ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा। लोगों का कहना है कि कोटा से कनवास तक ई-बस सेवा शुरू होने से सुविधाजनक, आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा तथा रोजाना कोटा आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें