पिछले सप्ताह भी हुई थी चोरी, पुलिस के हाथ अभी तक खाली
Kanwas News/सांगोद. ग्राम पंचायत लटूरी क्षेत्र में किसानों के खेतों पर चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार रात चोरों ने एक बार फिर किसानों के खेतों में लगी सिंचाई मोटरों की केबल काटकर चोरी कर ली। बुधवार सुबह किसान खेतों पर फसलों को पानी देने पहुंचे तो मोटरों की केबल कटी हुई मिली। किसान कोमल नागर, बंटी, महेंद्र नागर, बनवारी नागर और अंकित नागर ने बताया कि सुबह खेत पर पहुंचने पर मोटरों की केबल चोरी होने का पता चला। केबल चोरी होने से किसानों के सामने फसलों की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने बताया कि इससे पहले पिछले सप्ताह भी लटूरी गांव के खेतों से किसानों की सिंचाई मोटरों की केबल चोरी हो गई थी। किसानों का कहना है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद अभी तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में रोष है। किसानों ने बताया कि खेतों पर लगातार चोरी होने से सिंचाई उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि पुलिस की ओर से रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, मामले की जानकारी पूर्व सरपंच मनीष नगर ने दी।








