नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चुराने वाले दो चोरों को किया गिरफ्तार

Kanwas News/कनवास. “ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कनवास थाना क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में कोटा निवासी दो आरोपि वासुदेव शर्मा और विक्की उर्फ विक्रम महाजन को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि कनवास थाना क्षेत्र में 27 जुलाई को हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। फरियादी दुर्गाशंकर ने 27 जुलाई को कनवास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी थी। दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

कनवास थानाधिकारी अनूप सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस, साइबर सेल और डीएसटी की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने पूर्व में चालानशुदा अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कनवास में हुई मोटरसाइकिल चोरी की वारदात में कोटा निवासी वासुदेव और विक्की उर्फ विक्रम शामिल हैं।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे का शौक पूरा करने के लिए सुनसान रास्तों या घरों के बाहर खड़ी बाइक तथा वाहनों में रखे मोबाइल फोन को निशाना बनाते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें सस्ते दामों में बेचने की बात भी सामने आई है।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें