Kanwas News/सांगोद. क्षेत्र के कुंदनपुर ग्राम पंचायत से पूर्व मंत्री स्व. भरत सिंह के छोटे पुत्र गंगा सिंह ने पंचायती राज चुनावों से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने का फैसला किया है। कुंदनपुर के निजी गढ़ पैलेस में पहुंचे 100 से अधिक ग्रामीणों की मांग पर गंगा सिंह ने कुंदनपुर ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ने की घोषणा की। गंगा सिंह ने कहा कि उनके पिता स्व. सिंह ने भी अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत सरपंच पद से की थी।
6 अक्टूबर को पुण्यतिथि पर होगा कार्यक्रम- कुंदनपुर के सूरज चौक परिसर में 6 अक्टूबर को पूर्व मंत्री स्व. भरत सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम और जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। गंगा सिंह ने कहा कि वे जनता के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और राजनीतिक रूप से संगठन व पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
1978 में निर्विरोध सरपंच बने थे भरत सिंह- गौरतलब है कि स्व. भरत सिंह ने भी अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंचायती राज व्यवस्था से की थी। 1978 में वे कुंदनपुर के निर्विरोध सरपंच चुने गए थे। अब उनके छोटे पुत्र गंगा सिंह ने भी इसी गांव से सरपंच पद का चुनाव लड़कर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने का ऐलान किया है।
गंगा सिंह, पूर्व मंत्री के छोटे बेटे- “मेरे पिता ने भी अपने करियर की शुरुआत सरपंच से ही की थी, मैं भी सीढ़ी-दर-सीढ़ी राजनीति में कदम रखूंगा और स्व. भरत सिंह के विचारों को आगे बढ़ाऊंगा।”









