Kanwas News/कनवास. थाना क्षेत्र के दरा स्टेशन इलाके में नेशनल हाईवे-52 पर रेलवे ब्रिज के पास रविवार देर रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर रेलवे ओवरब्रिज पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि देर रात होने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे की सूचना मिलते ही दरा हाईवे रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम के कांस्टेबल शिवराज के अनुसार, शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी में कंटेनर चालक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। इसी दौरान वाहन से नियंत्रण खोने के कारण कंटेनर रेलवे ब्रिज पर पलट गया।
हादसे में कंटेनर चालक प्रेम, निवासी केसरपुरा, थाना उन्हेल, गंभीर रूप से घायल हो गया। रेस्क्यू टीम ने एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को मंडाना अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए कोटा रेफर कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए कंटेनर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








