कनवास में कांग्रेस का हल्लाबोल, केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

Kanwas News/कनवास. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 8 अक्टूबर को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांगोद के नेतृत्व में कनवास उपखंड मुख्यालय पर केंद्र सरकार के खिलाफ गुरुवार को विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांगोद अध्यक्ष मिर्ज़ा शकील अहमद ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। धरने को संबोधित करते हुए मिर्ज़ा शकील ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है। संविधान का सम्मान, निष्पक्ष चुनाव प्रणाली और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही लोकतंत्र की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने से लोकतंत्र मजबूत नहीं होता, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद संवाद, पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही से मजबूत होती है। कहा कि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA गठबंधन के सांसद निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग लगातार उठा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग से लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर जनता द्वारा उठाए जा रहे सवालों का संतोषजनक जवाब देने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना- प्रदर्शन को नगर कांग्रेस कमेटी कनवास अध्यक्ष रघुनंदन गौतम, मंडल अध्यक्ष दिग्विजय सिंह और नरेंद्र सोनी ने भी संबोधित किया। नेताओं ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने का आह्वान किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें