Kanwas News/सांगोद. पंचायती राज चुनाव को लेकर सांगोद पंचायत समिति क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कल, 22 अक्टूबर को पहले चरण में मतदान होगा। जिला परिषद के वार्ड संख्या 11 से 15 तक प्रत्याशियों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं, पंचायत समिति सांगोद में सदस्य पद के लिए भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय सहित कुल 23 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
एक मतदाता डालेगा दो वोट, मतदान केंद्रों पर रहेंगी दो ईवीएम- पहले चरण के मतदान में मतदाता जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य, दोनों पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए मतदान केंद्रों पर दो ईवीएम की व्यवस्था रहेगी। मतदाता एक ईवीएम पर अपना वोट डालने के बाद दूसरी ईवीएम के माध्यम से दूसरे पद के लिए मतदान करेगा।
जिला परिषद वार्ड 11 से 15 तक प्रत्याशियों के बीच मुकाबला- जिला परिषद के वार्ड संख्या 11 से 15 तक भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला होगा।
वार्ड संख्या 11: कांग्रेस से मनोज कुमार मालव, भाजपा से विष्णु मालव और निर्दलीय प्रत्याशी लोकेश मेघवाल चुनाव मैदान में हैं।
वार्ड संख्या 12: कांग्रेस से नीरज और भाजपा से सोनू शर्मा के बीच सीधा मुकाबला है।
वार्ड संख्या 13: कांग्रेस से संभव वर्मा (गुर्जर), भाजपा से कौशल कुमार सोनी और निर्दलीय प्रत्याशी सोनू बैरवा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
वार्ड संख्या 14: कांग्रेस से राजबहादुर गुर्जर, भाजपा से ओम अडूसा तथा निर्दलीय प्रत्याशी भीमराज मीणा, प्रियता कुमारी गोचर और लोकेश चुनाव मैदान में हैं। इस वार्ड में पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।
वार्ड संख्या 15: कांग्रेस से पूजा मीणा, भाजपा से कमलेश शर्मा और निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका मेघवाल चुनाव लड़ रही हैं।
मतदान पर टिकी प्रत्याशियों की नजरें- पहले चरण के मतदान को लेकर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें मतदाताओं पर टिकी हैं। जिला परिषद के पांच वार्डों के साथ पंचायत समिति सदस्य पद के लिए भी मतदान होगा। मतदान के बाद मतदाताओं का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। अब देखना होगा कि सांगोद क्षेत्र में मतदाता किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना समर्थन जताते हैं और चुनावी मुकाबले में किसे जीत मिलती है।




