Kanwas News/सांगोद. आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर सांगोद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच गांव दिल्लीपुरा में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगने का मामला सामने आया है। यहां राजपूत समाज, अनुसूचित जाति (एससी) समाज सहित अन्य वर्गों के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने इस घटनाक्रम को पंचायत चुनावों से पहले संगठन के लिए मजबूती के रूप में देखा है। भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। पार्टी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीतियों और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर यह निर्णय लेने की बात कही।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में अखराज सिंह (जम्मू बना), अर्जुन सिंह, जसवंत सिंह, मनोज सिंह, लक्ष्मण सिंह, रामस्वरूप वर्मा, बनवारी वर्मा, हरिओम मेघवाल और सीताराम सुमन सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विकासपरक नीतियों से प्रभावित होकर लगातार लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। नागर ने विश्वास जताया कि नए कार्यकर्ताओं के पार्टी में शामिल होने से क्षेत्र में भाजपा संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी पंचायत चुनावों में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान राजपूत समाज और एससी समाज के प्रतिनिधियों ने आगामी पंचायत चुनावों में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की। नवागत कार्यकर्ताओं ने भी पंचायत स्तर पर पार्टी के पक्ष में सक्रियता से कार्य करने और भाजपा की जीत के लिए प्रयास करने का संकल्प जताया। इस घटनाक्रम को पंचायत चुनावों से पहले सांगोद क्षेत्र में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।










