Kanwas News/कनवास. ‘ऑपरेशन रूट क्लियरेंस’ के तहत कनवास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की पंजाब निर्मित अवैध शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और एक एंड्रॉइड मोबाइल भी जब्त किया है। यह कार्रवाई कोटा-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग-52 (NH-52) पर की गई। पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध गुजरात नंबर के ट्रक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने बेरिकेड्स तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा कर उसे घेराबंदी कर रोक लिया।
भूसे के कट्टों के पीछे छिपी थी शराब की खेप- प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों ने पुलिस को बताया कि ट्रक में केवल भूसे के कट्टे भरे हुए हैं। हालांकि पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की गहन तलाशी ली गई। जैसे ही सफेद तिरपाल हटाया गया, भूसे के कट्टों के पीछे छिपाकर रखी गई पंजाब निर्मित ‘ब्लैक क्लासिक व्हिस्की’ की 294 पेटियां बरामद हुईं। इन पेटियों में कुल 3,528 शराब की बोतलें और 576 क्वार्टर मिले। पुलिस के अनुसार यह पूरी खेप पंजाब से मध्य प्रदेश के रास्ते गुजरात तस्करी कर ले जाई जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया— रामाबी कोडियातर (24 वर्ष) निवासी पोरबंदर, गुजरात व भूरा एम. मोरी (23 वर्ष) निवासी पोरबंदर, गुजरात। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक तथा एक एंड्रॉइड मोबाइल जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन में की गई। कनवास थानाधिकारी अनूप सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में कांस्टेबल बीरबल की सतर्कता और सटीक सूचना अहम रही। वहीं हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार,महिपाल,कांस्टेबल मोहित तथा चालक प्रकाश ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
News- रवि राठौर(कनवास)