Kanwas News/सांगोद. थाना क्षेत्र के बोरिना गांव में सोमवार शाम को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान किसान की पत्नी भी बिजली की तेज गर्जना से बेहोश हो गई, जिसे अस्पताल में उपचार के बाद होश आ गया। जानकारी के अनुसार, बोरिना गांव निवासी बेनीराम मेहता (47) अपनी पत्नी सुमित्रा के साथ खेत में धान की फसल का कार्य कर रहे थे। शाम करीब 5 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों घर लौटने लगे।
रास्ते में खेत की मेड़ (कोट) पार करते समय अचानक बेनीराम पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बिजली की तेज गर्जना से पीछे चल रही उनकी पत्नी सुमित्रा भी बेहोश होकर गिर गईं। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को सांगोद अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सुमित्रा को होश आ गया, लेकिन चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद बेनीराम को बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
बेनीराम मेहता का परिवार पूरी तरह खेती-किसानी पर निर्भर था। उनके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा 20 वर्ष और छोटा बेटा 17 वर्ष का है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।