Kanwas News/कनवास. थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुरा में जमीन विवाद को लेकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि समझौते के बहाने बुलाकर तीन लोगों ने एक युवक पर लाठी-डंडों और खेत की मेड़ पर उगे झाड़-झंखाड़ काटने के काम आने वाले धारदार कृषि उपकरण ‘कुटिया’ से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कनवास में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, जगदीशपुरा निवासी संदीप नागर (26) पुत्र हरिनारायण धाकड़ 13 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही रामचंद्र धाकड़, कमल धाकड़ और चेतन धाकड़ वहां पहुंचे। जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
पीड़ित संदीप का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक उस पर लाठियों और लकड़ियों से हमला बोल दिया। इसी बीच आरोपियों ने मेड़ के झाड़ काटने वाले धारदार उपकरण ‘कुटिया’ से भी वार किया। इस हमले में संदीप के बाएं पैर की एड़ी पर गहरा घाव हो गया और वह खून से लथपथ हो गया। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। युवक के शोर मचाने पर उसका भाई सोनू धाकड़ मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर संदीप की जान बचाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी- वारदात के बाद घायल युवक ने परिजनों के साथ कनवास थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। थानाधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि पीड़ित संदीप की रिपोर्ट पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई (आरोपियों की गिरफ्तारी) की जाएगी।