क्षेत्र में आंधी-तूफान का तांडव, भरभराकर गिरी मकान की दीवारें, बाल-बाल बचा पूरा परिवार

Kanwas News/कनवास. उपखंड क्षेत्र और देवली मांझी कस्बे में बुधवार शाम को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तेज आंधी-तूफान और रिमझिम बारिश के चलते कस्बे में भारी नुकसान की खबर है। चक्रवाती हवाओं के कारण कई दुकानदारों के त्रिपाल और पल्ले उड़ गए, वहीं कस्बे में विद्युत पोल और पेड़ भी धराशायी हो गए। इस आपदा में देवली मांझी में एक टिनशेड मकान की दीवारें ढह गईं, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टला। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ा और तेज हवाओं के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आई तेज आंधी से स्थानीय निवासी राजेंद्र जंगम के टिनशेड मकान की दीवारें भरभराकर गिर गईं। गनीमत रही कि जब यह हादसा हुआ, तब परिवार के सभी लोग घर के भीतर ही मौजूद थे। जैसे ही मकान का टिनशेड उड़ने लगा और दीवार का एक कोना गिरा, परिजनों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत घर से बाहर की तरफ भागे। इसके कुछ ही सेकंड बाद पूरी दीवार मलबे में तब्दील हो गई। सही समय पर बाहर निकलने की वजह से राजेंद्र, उनकी मां, बेटा, बहू और बच्चे बाल-बाल बच गए।

पीड़ित मकान मालिक राजेंद्र जंगम रोजमर्रा (मजदूरी) का कार्य करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस हादसे में उनका आशियाना पूरी तरह तबाह हो गया है। इसके अलावा, कस्बे के ही छीतर लाल यादव के मकान की दीवार भी इस आंधी-तूफान की वजह से गिर गई। गनीमत यह रही कि दीवारों के गिरने से किसी भी प्रकार की कोई जनहानि या चोट लगने की सूचना नहीं है। हालांकि, आंधी और बिजली के पोल गिरने की वजह से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

#DeoliManjhi #KotaNews #WeatherUpdate #RajasthanNews #StormDamage

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ