हिंगोनिया में चार भैंस चोरी, ग्रामीणों की सतर्कता से मिलीं, आरोपी फरार

Kanwas News/कनवास. उपखंड क्षेत्र में भैंस चोरी की एक वारदात ग्रामीणों की सतर्कता के चलते नाकाम हो गई। सांगोद-कनवास मार्ग पर हिंगोनिया गांव की पानी की टंकी के पास विचरित कर रही चार भैंसों को शनिवार शाम अज्ञात चोर चुराकर ले गए। हालांकि ग्रामीणों ने पीछा कर भैंसों को बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी हाथ छुड़ाकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार हिंगोनिया निवासी हरिप्रकाश पुत्र रामस्वरूप मीणा की चारों भैंसें प्रतिदिन की तरह चरने के लिए गई हुई थीं। शाम तक भैंसें घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं

इसी दौरान चोर भैंसों को लेकर सिमलिया गांव के रास्ते जंगल की ओर जा रहे थे। रास्ते में ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने युवकों से भैंसों के बारे में पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना हिंगोनिया गांव में दी गई, जिसके बाद भैंस मालिक और पुलिस मौके के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि पुलिस और परिजनों के पहुंचने से पहले पकड़े गए आरोपी लोकेश पुत्र पप्पू बंजारा निवासी कांकरिया तथा बिरजू पुत्र हेमराज नागर निवासी हिंगोनिया ग्रामीणों से छीना-झपटी कर भाग निकले। पीड़ित पक्ष की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ