Kanwas News/कनवास. ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बुधवार को क्षेत्र का सघन दौरा कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। दौरे के दौरान उन्होंने कुराड़, बंबोरी और बंबूली सहित कई गांवों का निरीक्षण किया। मंत्री नागर ने बंबूली से सुहाना, बंबूली से थूमडा और बंबूली से कुराड़ तक बन रही ग्रेवल एवं मिसिंग लिंक सड़कों की गुणवत्ता जांची। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
कुराड़ में गंदगी देख भड़के मंत्री- कुराड़ गांव पहुंचते ही मंत्री नागर बदहाल सफाई व्यवस्था देखकर नाराज हो गए। गांव में जगह-जगह कचरे के ढेर, जाम नालियां और सड़कों किनारे फैली गंदगी को लेकर उन्होंने मौके से ही विकास अधिकारी (BDO) को फोन कर कड़ी फटकार लगाकर निर्देश दिए कि गांव में स्थायी सफाई व्यवस्था लागू की जाए, कचरा केवल निर्धारित कचरा पॉइंट पर ही डाला जाए, सड़कों और नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई- मंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग सड़कों पर गोबर या कचरा डालकर गंदगी फैला रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाए। जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेकर कार्रवाई की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों को समझाने के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की जाएगी। गांव की खराब ड्रेनेज व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मंत्री नागर ने प्रशासन को 5 दिन का समय दिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जाम नालियों की मशीनों से सफाई हो,जल निकासी व्यवस्था तुरंत दुरुस्त की जाए। मंत्री नागर ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी स्वच्छ भारत मिशन में सहयोग करने की अपील की।
ग्राम रथ से योजनाओं का प्रचार- बंबोरी गांव में आयोजित ‘ग्राम रथ’ कार्यक्रम में मंत्री नागर ने भाग लिया और रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
(News- Ravi Rathore/Kanwas)











