Kanwas News/कनवास. क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लोढाहेड़ा (ब्लॉक सांगोद) में बुधवार को विधिक जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य बजरंग लाल मीणा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में तालुका कार्यालय कनवास से आए पीएलवी भूपेन्द्र मीणा ने करीब 215 छात्र-छात्राओं को कानून से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने संबोधन में मौलिक अधिकार, महिला एवं बाल संरक्षण कानून, साइबर अपराध और निःशुल्क विधिक सहायता जैसे विषयों को सरल भाषा में समझाया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कई प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी को कानून के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यालय परिसर में ‘कोर्ट वाली दीदी’ बॉक्स भी स्थापित किया गया, जिससे छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं गोपनीय रूप से साझा कर सकें। यह शिविर विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी साबित हुआ।
(न्यूज- रवि राठौर)











