सांगोद में विशाल रक्तदान शिविर, 425 यूनिट रक्त संग्रह,अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित हुआ सेवा कार्य

Kanwas News/सांगोद. क्षेत्र में रविवार को सामाजिक सेवा की एक मिसाल पेश करते हुए श्री कृष्णा दरबार सेवा संस्था द्वारा काशीपुरी हिंदू जनता ट्रस्ट (मठ) में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 425 यूनिट रक्तदान किया गया। संस्थान के सदस्यों ने बताया कि यह शिविर 23 मार्च को मनाए जाने वाले शहीद दिवस (बलिदान दिवस) के उपलक्ष्य में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित किया गया। इसके लिए संस्था द्वारा पिछले 15 दिनों से सांगोद क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा था, जिसका सकारात्मक परिणाम इस सफल आयोजन के रूप में सामने आया।

युवाओं का उत्साह बना शिविर की सफलता की वजह- रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवा साथी शामिल हुए। सभी ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे पूरा कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सफल रहा।

गौसेवा के साथ मानव सेवा में भी अग्रणी संस्था- गौरतलब है कि श्री कृष्णा दरबार सेवा संस्था मुख्य रूप से गोसेवा के लिए समर्पित है। संस्था द्वारा सांगोद एवं आसपास के क्षेत्रों से बीमार और घायल गोमाताओं का रेस्क्यू कर उनका उपचार कराया जाता है। दूर-दराज से सूचना मिलने पर भी टीम मौके पर पहुंचकर सेवा कार्य करती है।

पिछले रिकॉर्ड से बड़ी उपलब्धि- संस्थान पिछले 5-6 वर्षों से सामाजिक और मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय है। इससे पहले आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 153 यूनिट रक्तदान हुआ था, जबकि इस बार 425 यूनिट संग्रह कर संस्था ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के युवाओं और आमजन के सहयोग से यह शिविर सफल रहा। आगे भी इसी प्रकार के सामाजिक सेवा कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।

(न्यूज- बीएम राठौर)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें