बारां-झालावाड़ हाईवे पर देर रात भालू का मूवमेंट: लटूरी गांव के पास सड़क पार करते दिखा, ग्रामीणों में खौफ

Kanwas News/कनवास. रेंज क्षेत्र में एक बार फिर वन्यजीव की हलचल से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। बारां-झालावाड़ स्टेट हाईवे पर देर रात एक भालू का मूवमेंट सामने आया है। जानकारी के अनुसार, लटूरी गांव के पास रात करीब साढ़े 11 बजे एक भालू खेतों से निकलकर स्टेट हाईवे पर आ गया और सड़क को पार किया। इस दौरान भालू कुछ देर तक बीच सड़क पर टहलता हुआ नजर आया, जिसकी तस्वीरें पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन सड़क पर लगातार वाहनों की आवाजाही के चलते भालू के पगमार्क नहीं मिल पाए।

कनवास रेंजर गुलाब चंद शर्मा के अनुसार, भालू का मूवमेंट सीसीटीवी में स्पष्ट नजर आया है, जिसके बाद टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। फिलहाल आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि यह इलाका बारापाटी वन क्षेत्र में आता है, जो कोटा, बारां और झालावाड़ के वन क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है और आगे जाकर शेरगढ़ सेंचुरी से सटा हुआ है।

शेरगढ़ सेंचुरी में बड़ी संख्या में भालू पाए जाते हैं, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि भालू वहीं से भटककर सड़क तक पहुंच गया। हालांकि अभी तक भालू की सटीक लोकेशन नहीं मिल पाई है। वन विभाग का अनुमान है कि भालू वापस जंगल की ओर लौट गया होगा। फिलहाल वन विभाग की टीम लटूरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें