Kanwas News/सांगोद. देश में लगातार बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांगोद के नेतृत्व में गांधी चौराहा पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महंगाई के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि देश में महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों से गरीब, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांगोद के अध्यक्ष मिर्ज़ा शकील अहमद ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी सीधे-सीधे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई पर हमला है। भाजपा सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं में व्यस्त है। कांग्रेस पार्टी जनता के हक के लिए हर स्तर पर आंदोलन जारी रखेगी। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, अन्यथा कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन के दौरान यह रहे मौजूद- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष कपिल नागर, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज सुवालका सहित राजेंद्र गहलोत, ऋषिराज मीणा, देवलाल गोचर, दिग्विजय सिंह, विशाल तिवारी, रामराज यादव, जगदीश मीणा, शांतिलाल सुमन, अफसार प्रधान, मोहम्मद इब्राहिम, धननलाल मेघवाल, अंकुश शर्मा, मुसविर खान, आशीष गोचर, पुरणमल सुमन, लेखराज गुर्जर, राधेश्याम बैरवा, राजमल मेहता, सीपी नागर, दिनेश सुमन, दशरथ मेहता, तिरलोक मीणा, गजेन्द्र चौधरी, कुलदीप सिंह, सिद्धार्थ सुवालका सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(न्यूज़- रवि राठौर/कनवास)











