सांगोद में कांग्रेस की बैठक, संविधान और न्यायपालिका पर जताया पूर्ण विश्वास

Kanwas News/सांगोद. नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता असरार अहमद (जिला देहात कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष) ने की। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। बैठक को संबोधित करते हुए असरार अहमद ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भारतीय संविधान और न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है और अंततः सत्य की ही जीत होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ता सत्ता के अहंकार में कांग्रेस सांसदों के घरों पर तोड़फोड़ और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहे हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर अध्यक्ष मनोज सुवालका, नगर उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत, पूर्व सरपंच फूलचंद गोचर एवं पार्षद सलीम अंसारी ने भी बैठक को संबोधित किया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार दमनकारी नीति अपनाते हुए लोकतंत्र को दबाने का प्रयास कर रही है। जनहित के मुद्दे उठाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है और चुने हुए जनप्रतिनिधियों को हटाया जा रहा है।

बैठक में लाडपुरा के प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू के निलंबन का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि न्यायालय द्वारा बहाली के आदेश दिए जाने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर उन्हें पदभार ग्रहण नहीं करने दिया जा रहा है, जो संविधान और न्यायपालिका का खुला उल्लंघन है। इसके साथ ही इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि सवाल पूछना अपराध नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकार है। बैठक में यह भी कहा गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की कथित दमनकारी और अलोकतांत्रिक नीतियों के विरोध में सड़कों से लेकर संसद तक आंदोलन जारी रखेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें