Kanwas News/सांगोद. कस्बे के विश्व प्रसिद्ध पांच दिवसीय ऐतिहासिक लोकोत्सव ‘न्हाण’ 2026 और होली के पर्व को हर्षोल्लास व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए शनिवार को पुलिस थाना परिसर में सीएलजी (CLG) सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। डीएसपी नरेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस प्रशासन और कस्बे के प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्सव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।
आपसी सौहार्द से मनेगा उत्सव- बैठक को संबोधित करते हुए सीआई अनिल कुमार गौतम ने कहा कि होली और न्हाण आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक हैं। उन्होंने दोनों अखाड़ों (चौबे पाड़ा व चौधरी पाड़ा) के सदस्यों से संवाद करते हुए अपील की, कि उत्सव को इस तरह मनाएं कि कस्बे की गौरवशाली परंपरा और मर्यादा बनी रहे।
बैठक के दौरान सदस्यों ने प्रशासन के सामने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखीं- बैरिकेडिंग की व्यवस्था: सदस्य विपिन नंदवाना ने सुझाव दिया कि धुलंडी के बाद निकलने वाले घुघरी जुलूस के मार्ग पर नगर पालिका द्वारा दिन में ही चिह्नीकरण कर बैरिकेड्स लगा दिए जाएं, ताकि रात्रि में जुलूस के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान न हो। आवास व्यवस्था पर चर्चा: न्हाण पटेल गिरिराज शर्मा ने सुरक्षा के लिहाज से सुझाव दिया कि न्हाण में आने वाले कलाकारों (किन्नरों) के ठहरने के स्थान पर पुलिस कर्मियों के ठहरने की व्यवस्था न कर उन्हें अन्यत्र ठहराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार के टकराव की स्थिति पैदा न हो। यातायात और सुरक्षा: जुलूस मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष पुलिस जाप्ता तैनात करने पर भी सहमति बनी।
यह रहे मौजूद- हरीश चतुर्वेदी, अंकुश शर्मा, हरिओम जांगिड़, बृजबिहारी गौड़, महेश जैन, बाबूलाल शर्मा, श्याम मनोहर शर्मा, रमेश हरियाणा, गिरिराज मंगल, गोपाल सोनी, रामबाबू शर्मा, ब्रजमोहन राठौर, चंद्र प्रकाश सोनी, मुश्ताक अहमद, हेमंत सोनी, जोगेंद्र पंकज आदि शामिल थे।
(न्यूज- बीएम राठौर)











