Kanwas News/सांगोद. क्षेत्र के ग्राम हरिपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की जर्जर भवन स्थिति को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांगोद ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सपना कुमारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिर्जा शकील अहमद के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय भवन पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं, छत से प्लास्टर गिर रहा है और भवन की संरचना बेहद कमजोर हो गई है। ऐसे में छात्र-छात्राएं भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका से अभिभावकों में भी चिंता व्याप्त है।
मिर्जा शकील अहमद ने प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण करवाया जाए तथा आवश्यक मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस पर एसडीएम सपना कुमारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।
यह रहे मौजूद- नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज सुवालका, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महासचिव बृजमोहन रेगर, मोहम्मद इब्राहीम, युवक कांग्रेस के प्रदेश समन्वयक आशीष गौचर, कुंदनपुर मंडल उपाध्यक्ष देवलाल गौचर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भौजराज गौचर एवं लियाकत हुसैन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।











