Kanwas News/सांगोद. ग्राम पंचायत हींगी में आयोजित शुक्रवार को रात्रि चौपाल/जनसुनवाई कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर वीरेंद्र सिंह यादव एवं उपखंड अधिकारी सपना कुमारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल के दौरान ग्राम हींगी के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और राशन कार्ड, विवाह प्रमाण पत्र जारी करने, शमशान भूमि आवंटन, सीमाज्ञान, नाम शुद्धि तथा पेंशन संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने एक-एक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। कार्यक्रम में तहसीलदार सांगोद ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्री बनवाने की अपील की। साथ ही सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने बारी-बारी से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने प्राप्त परिवादों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों से मौके पर ही चर्चा की और अधिकतम 7 दिवस के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में खंड विकास अधिकारी कुश्लेश्वर सिंह, तहसीलदार जतिन दिनकर सहित जलदाय, सिंचाई, चिकित्सा, शिक्षा, पशुपालन, कृषि, सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा गांव में पहुंचकर समस्याएं सुनने की पहल की सराहना की और त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई।
(न्यूज- बीएम राठौर)











