Kanwas News/कनवास. कोटा स्थित जेके लोन अस्पताल में रेफर की गई एक गर्भवती महिला ने 108 एंबुलेंस में ही स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। एंबुलेंस स्टाफ की सूझबूझ और तत्परता से यह सुरक्षित प्रसव संभव हो सका। प्राप्त जानकारी के अनुसार काकरिया निवासी गुड़ी बाई (बंजारा) को बच्चे की उल्टी स्थिति (ब्रीच पोजिशन) के चलते हिंगोनिया पीएससी से कोटा के जेके लोन अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से कोटा ले जाया जा रहा था।
रस्ते में अचानक बढ़ी प्रसव पीड़ा- रास्ते में मंडाना के पास अचानक महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस को तत्काल सड़क किनारे रोकना पड़ा। एंबुलेंस चालक और नर्सिंग स्टाफ भूपेंद्र गुर्जर ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित सामान्य प्रसव कराया। कुछ ही देर में नवजात की किलकारी एंबुलेंस में गूंज उठी, जिससे वहां मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली। प्रसव के बाद एंबुलेंस स्टाफ ने जच्चा और नवजात दोनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंडाना में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर और सामान्य है।
(न्यूज- रवि राठौर)











