सांगोद में प्रतिमा और नामकरण को लेकर बढ़ी हलचल: लोकसभा अध्यक्ष और ऊर्जा मंत्री को सौंपे ज्ञापन

Kanwas News/सांगोद. नगर में अदालत चौराहे पर प्रतिमा स्थापना और नामकरण को लेकर चल रहा आंदोलन अब और तेज हो गया है। गुरुवार को सांगा प्रतिमा संघर्ष समिति, वीर गुर्जर समाज और मीणा समाज के प्रतिनिधियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा।

सांगा पटेल की प्रतिमा और नामकरण की मांग पर अडिग नगरवासी- सांगोद को बसाने वाले सांगा पटेल की प्रतिमा अदालत चौराहे पर लगाने और चौराहे का नाम उनके नाम पर रखने की मांग पिछले कई दिनों से जारी है। नगरवासियों ने धरना-प्रदर्शन, सद्बुद्धि यज्ञ और महिलाओं की रैली निकालकर प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखा है। गुरुवार को गायत्री सर्किल पर पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष और ऊर्जा मंत्री को सांगा प्रतिमा संघर्ष समिति ने ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया कि वे अदालत चौराहे पर प्रतिमा और नामकरण की मांग से पीछे नहीं हटेंगे।

वीर गुर्जर समाज ने दिया नया प्रस्ताव- इसी बीच सांगोद के वीर गुर्जर समाज ने आंदोलन को नया मोड़ देते हुए सांगा महाराज की प्रतिमा धाभाई के चौक, जोलपा रोड स्थित नगर पालिका की भूमि (खसरा नं. 1372) पर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। ज्ञापन में कन्हैयालाल गोचर, जगन्नाथ गोचर, आनंदीलाल गोचर और मोहनलाल गोचर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कहा कि उस स्थान पर चबूतरा एवं छतरी बनाकर प्रतिमा स्थापित की जाए और उस स्थल का नाम “सांगा सर्किल” रखा जाए। उनका कहना है कि सांगा जी नगरवासियों के आराध्य देव हैं, इसलिए उनकी प्रतिमा रोड के बीच नहीं बल्कि सम्मानजनक स्थान पर लगनी चाहिए।

मीणा समाज की भी अलग मांग- वहीं दूसरी ओर मीणा समाज के प्रतिनिधियों ने अदालत चौराहे पर शहीद हेमराज मीणा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई। समाज के लोगों ने पेडस्टल निर्माण कर प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव रखते हुए ज्ञापन सौंपा। इस तरह एक ही चौराहे को लेकर अलग-अलग समाजों की मांगों से प्रशासन के सामने संतुलन बनाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

(न्यूज- बीएम राठौर)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें