26 फरवरी को बपावर में सजेगा लोकार्पण और शिलान्यास का भव्य मंच

Kanwas News/मोईकलां. क्षेत्र के बपावर में 26 फरवरी को बड़े विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है। कार्यक्रम में ओम बिरला और हीरालाल नागर शिरकत करेंगे। प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रस्तावित बपावर दौरे को लेकर रविवार को दोपहर 2बजे बपावर मंडी प्रांगण में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कोटा और सांगोद कार्यालय से पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के विशेषाधिकारी राजेंद्र नागर ने लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। गौरतलब है कि बपावर क्षेत्र की करीब आधा दर्जन ग्राम पंचायतों में 60 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का 26 फरवरी को लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन कार्यों में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। 26 फरवरी को प्रस्तावित यह कार्यक्रम बपावर क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां एक साथ करोड़ों रुपये की योजनाओं को हरी झंडी दी जाएगी।

(न्यूज- बंटी जोशी)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें