Kanwas News/सांगोद. स्टेट हाईवे 51 के लबानिया चौराहे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सड़क हादसे में दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार भूलाहेड़ी निवासी शिक्षक महावीर मीणा और बाहर जिले की एक शिक्षिका पुराने स्कूल भवन से नए स्कूल भवन में बच्चों को पढ़ाने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लबानिया चौराहे पर लंबे समय से स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद भी प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया।
सूचना मिलते ही बपावर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. मनीष मीणा ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बारां जिला अस्पताल में रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने एक बार फिर लबानिया चौराहे पर स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग दोहराई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
(न्यूज- बंटी जोशी)











