Kanwas News/सांगोद. “ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दिन-दहाड़े फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में 2 अवैध देशी कट्टे और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
आपसी रंजिश में चली गोलियां- घटना 17 फरवरी 2026 को सांगोद थाना क्षेत्र के घटाल गांव की है। फरियादी हरिप्रसाद मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके परिवार और भागीरथ मीणा के परिवार के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोप है कि भागीरथ का पुत्र अरिहंत उर्फ आर्यन गाली-गलौच करता हुआ आया और जान से मारने की नीयत से पिस्टल व देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। फायरिंग में फरियादी, उनकी साली और उनके पिता को निशाना बनाया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना सांगोद में प्रकरण संख्या 39/2026 धारा 109(1), 3(5) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
संयुक्त टीम ने की घेराबंदी- पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजित शंकर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल, डीएसटी और थाना सांगोद पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और वृताधिकारी नरेन्द्र जैन के सुपरविजन में अलग-अलग टीमों को छबड़ा, छीपाबड़ौद, अंता, बारां, बूंदी, कापरेन और अन्य स्थानों पर दबिश के लिए रवाना किया गया।
बूंदी जिले से गिरफ्तारी- मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बूंदी जिले के देईखेड़ा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी अरिहंत उर्फ आर्यन मीणा और उसके पिता भागीरथ मीणा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध देशी कट्टे और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
हथियारों के स्रोत की जांच जारी- पुलिस अब आरोपियों से बरामद हथियारों के स्रोत और संभावित नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
(न्यूज- रवि राठौर)











