मारुभाट समाज ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, स्थाई आवास और पट्टों की मांग की

Kanwas News/सांगोद. मारुभाट समाज के मजदूर वर्ग ने अपने स्थायी आवास के समाधान की मांग को लेकर उपखंड कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। देहात कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष असरार अहमद के नेतृत्व में समाज के लोगों ने उपखंड अधिकारी सपना कुमारी को ज्ञापन दिया। समाज के प्रतिनिधि छोगालाल मारूभाट, रमेश मारूभाट और शारदा बाई ने बताया कि मारुभाट समाज के लोग पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से सोरसन रोड स्थित उपखंड कार्यालय के सामने निवास कर रहे हैं। ये सभी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना दिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। समाज के लोगों का कहना है कि वे परिवार सहित स्थायी रूप से बने मकानों में रह रहे हैं और उनका समस्त गृहस्थी का सामान भी वहीं रखा हुआ है। ऐसे में यदि मकान तोड़े गए तो उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि समाज के लोगों को पहले पुनर्वास के लिए स्थायी भूमि आवंटित की जाए, उस भूमि के पट्टे दिए जाएं और मकान निर्माण की व्यवस्था की जाए। जब तक पुनर्वास नहीं होता, तब तक उन्हें मौजूदा स्थान से न हटाया जाए। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो वे परिवार सहित भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे। इस दौरान विराम, रतन, सुरेश, रामलाल, मुकेश विष्णु, पप्पीबाई, गीताबाई, शायरी बाई, गायत्री बाई, बद्रीलाल गोचर, परशुराम, पवन नायक, रामस्वरूप, जसराज, अनवल बाई और जीवन सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष मौजूद रहे।

(न्यूज- रवि राठौर)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें