Kanwas News/सांगोद. सांगोद पंचायत समिति सदस्य चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने पंचायत समिति के सभी 23 वार्डों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। पार्टी की अंतिम सूची में सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग सहित विभिन्न वर्गों के उम्मीदवारों को मौका दिया गया है। वहीं, कांग्रेस ने भी सभी 23 वार्डों के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी ने भी 8 वार्डों में उम्मीदवार उतारकर चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है। प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों के नाम घोषित होने के बाद अब चुनावी गतिविधियों में तेजी आने लगी है।


निर्दलीय और दल-बदल के उम्मीदवारों ने बढ़ाई हलचल- सांगोद पंचायत समिति सदस्य चुनाव में भाजपा के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान पंचायत समिति सदस्य ओम मेहता ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में वार्ड नंबर 14 और 19 से नामांकन दाखिल किया है। दो वार्डों से उनके नामांकन ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। इसी तरह सांगोद कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कुशलपाल सिंह ने वार्ड नंबर 12 से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। उनके आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने से वार्ड की राजनीतिक स्थिति पर भी नजरें टिकी हुई हैं।
15 अक्टूबर को नाम वापसी, फिर साफ होगी तस्वीर- प्रत्याशियों के नामांकन के बाद अब सभी राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में रणनीति बनाने में लगी हैं, वहीं आम आदमी पार्टी भी अपने प्रत्याशियों के जरिए चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रही है। अब 15 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मैदान की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी। इसके बाद यह तय होगा कि किन वार्डों में सीधा मुकाबला होगा और कहां निर्दलीय या अन्य दलों के उम्मीदवार मुकाबले को त्रिकोणीय या बहुकोणीय बनाएंगे।

सांगोद पंचायत समिति के 23 वार्डों में होने वाला यह चुनाव राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। अब सबकी नजरें नाम वापसी के बाद बनने वाले चुनावी समीकरणों और मतदाताओं के रुझान पर रहेंगी।
(न्यूज- रवि राठौर,कनवास)

