Kanwas News/कनवास. सर्व विश्वकर्मा एकता संकल्प फाउंडेशन ने अश्वनी जांगिड़ को कोटा जिला अध्यक्ष, राजस्थान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन ने उन पर विश्वास जताते हुए समाजसेवा, सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी दी है। संगठन की ओर से बताया गया कि अश्वनी जांगिड़ विश्वकर्मा समाज के लोगों को एकजुट करने, सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने तथा संगठन का विस्तार करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उनके जिला अध्यक्ष बनने पर समाज के लोगों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों में खुशी का माहौल है।
जिम्मेदारी मिलने पर अश्वनी जांगिड़ ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम विश्वकर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। जांगिड़ ने कहा कि विश्वकर्मा समाज की एकता, शिक्षा, रोजगार, युवा विकास और सामाजिक हितों के लिए निरंतर कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जांगिड़, गौड़ और पांचाल समाज के सभी लोग भगवान विश्वकर्मा के अंश हैं। ऐसे में सभी को आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखते हुए समाज के हित में मिलकर कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर सर्व विश्वकर्मा एकता संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने अश्वनी जांगिड़ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और समाजहित के कार्यों को गति मिलेगी।

