लाड़ली बहना रक्षा सूत्र कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, ऊर्जा मंत्री नागर ने लिया बहनों की सुरक्षा और विकास का संकल्प

Kanwas News/कनवास. कस्बे के महात्मा गांधी खेल मैदान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी मंडल देवली एवं कनवास की ओर से लाड़ली बहना रक्षा सूत्र कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंचीं बहनों ने ऊर्जा मंत्री नागर को रक्षा सूत्र बांधा, श्रीफल भेंट किया और आशीर्वाद दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि रक्षाबंधन बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संकल्प लेने का पर्व है। उन्होंने कहा कि एक भाई के रूप में सांगोद विधानसभा क्षेत्र की हर बहन के सुख-दुख में वे सदैव तत्पर रहेंगे। नागर ने महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए सुपोषित मां अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को पोषण सामग्री किट उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही राजीविका सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे और स्वीकृत विकास कार्यों का भी ब्यौरा रखा। उन्होंने बताया कि कुराड़-ढोटी-कंदाफल-मंडप-श्यामपुरा-सांगोद सड़क चौड़ीकरण के लिए 45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सावन-भादो नहर की 8 करोड़ रुपए से मरम्मत, अरु नदी पर 4.5 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया व एनीकट तथा कालीसिंध नदी पर उच्च स्तरीय पुल का कार्य शामिल है। दरा घाटी में रेलवे के दोनों ओर आरयूबी निर्माण भी प्रगति पर है।

कनवास क्षेत्र के विकास की जानकारी देते हुए नागर ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अटल प्रगति पथ, बस स्टैंड, बालूखेड़ा में नया स्वास्थ्य केंद्र और आमली झाड़ में 4 करोड़ रुपये की लागत से कक्षा-कक्ष निर्माण की बात कही। जालिमपुरा, अतरालिया, लोड़ाहेड़ा और कैलाशपुरी में एनीकट तथा बांस्याहेड़ी में सौर ऊर्जा आधारित तालाब के कार्यों का भी उल्लेख किया।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल संकट का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान बहनों के उत्साह और बड़ी संख्या में उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें