Kanwas News/कनवास. राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव पुनः बहाल करने सहित उच्च शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कनवास इकाई की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। ABVP कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री के नाम उपखंड अधिकारी कनवास बाबूलाल मीणा के माध्यम से ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन में छात्र हित और उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग राजस्थान में छात्रसंघ चुनावों की शीघ्र बहाली की रही। विद्यार्थी परिषद का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवाद और जनप्रतिनिधित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में चुनावों को जल्द बहाल कर नियमित और समयबद्ध रूप से आयोजित कराने की स्थायी व्यवस्था की जाए।
इसके साथ ही प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों में समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने, प्रवेश, शिक्षण, परीक्षाओं और परिणामों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की मांग की गई। ABVP ने विश्वविद्यालयों में रिक्त पड़े शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित और पारदर्शी भर्ती करने तथा राजकीय महाविद्यालयों में कार्यवाहक व्यवस्था समाप्त कर नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में राजस्थान की भाषा, साहित्य और लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित करने और विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियमित नियुक्ति की मांग भी शामिल रही। विद्यार्थी परिषद ने राज्य सरकार से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए राजस्थान की उच्च शिक्षा व्यवस्था को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान ABVP के छात्र सहयोगियों शिवशंकर नागर और आशीष नागर सहित अन्य कार्यकर्ता व छात्र मौजूद रहे।