श्री कर्णेश्वर महादेव नगर भ्रमण महोत्सव का पोस्टर विमोचित, 15 से 17 अगस्त तक होंगे भव्य धार्मिक आयोजन

Kanwas News/कनवास. नागपंचमी के पावन अवसर पर श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर पर 15 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय श्री कर्णेश्वर महादेव नगर भ्रमण महोत्सव के पोस्टर का बुधवार को विधिवत विमोचन किया गया। इस दौरान आयोजन समिति ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा जारी करते हुए श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव का शुभारंभ 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे मंदिर प्रांगण में 108 विशेष सामग्री से सहस्र घट महाअभिषेक के साथ होगा। वहीं 16 अगस्त को प्रातः 9 बजे 11 हजार बिल्व पत्रों से भगवान शिव का बिल्व पत्र अर्चन किया जाएगा।

महोत्सव के अंतिम दिन 17 अगस्त (नागपंचमी) को दोपहर 2 बजे श्री कर्णेश्वर सरकार की भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सायं 4 बजे सत्यनारायण मंदिर में हरीहर मिलन का आयोजन होगा। शाम 7 बजे सुभाष सर्किल पर शिव-पार्वती विवाह की आकर्षक प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। रात्रि 9 बजे मंदिर प्रांगण में महाआरती, भव्य आतिशबाजी एवं प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा।

आयोजन की विशेष आकर्षण के रूप में लक्ष्मी ढोल पार्टी (बीनागंज, मध्यप्रदेश) तथा पनवाड़ ढोल पार्टी (झालावाड़) अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देंगी। इसके अलावा इत्र वर्षा, पुष्प वर्षा, आकर्षक झांकियां और भव्य आतिशबाजी भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित परशुराम शर्मा ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर भगवान श्री कर्णेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

 

 

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ