Kanwas News/सांगोद. कोटा ग्रामीण पुलिस ने “ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग” के तहत दुपहिया वाहन चोर गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की 5 मोटरसाइकिलें और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके एक साथी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा एवं सांगोद वृत्ताधिकारी नरेन्द्र जैन के सुपरविजन में थाना सांगोद पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को सांगोद निवासी अंसार अहमद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी बाइक ईदगाह के पास खड़ी कर क्रिकेट मैच देखने गया था। लौटने पर बाइक गायब मिली। इस पर थाना सांगोद में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस- पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्धों पर निगरानी रखी। जांच के दौरान सूचना मिली कि बाइक चोरी की वारदात में हरिओम उर्फ हरीश (22) निवासी सुल्तानपुर शामिल है। लगातार दबिश के बाद 30 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ सुनसान स्थानों और रात में घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी तथा पहचान छिपाने के लिए चेसिस और इंजन नंबर भी मिटा दिए जाते थे।
कुल 5 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा ग्राम तालछी से चोरी हुआ एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। वहीं उसके साथी मुकेश मीणा की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले तीन माह में कोटा ग्रामीण पुलिस विभिन्न जिलों से चोरी हुई करीब 80 मोटरसाइकिलें बरामद कर पीड़ितों को राहत दिला चुकी है।
(News- Ravi Rathore,Kanwas)