Kanwas News/कनवास. कोटा में चलती बस में 18 वर्षीय युवती से कथित छेड़छाड़ के मामले में कनवास थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सुरेश चंद शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपी SI के खिलाफ नयापुरा थाने में छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
डीएसपी पूनम चौहान ने बताया कि 57 वर्षीय सुरेश चंद शर्मा अपने गांव से बस में कोटा आ रहा था। इसी दौरान बूंदी से एक 18 वर्षीय युवती अपनी नानी के साथ बस में चढ़ी और आरोपी SI के पास वाली सीट पर बैठ गई। आरोप है कि सफर के दौरान SI ने पहले युवती से बातचीत शुरू की और फिर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद बस में हंगामा हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने 24 जुलाई को नयापुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसी दिन आरोपी SI को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान मामले में छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गईं। डीएसपी ने बताया कि पीड़िता के न्यायालय में धारा 164 सीआरपीसी के तहत बयान दर्ज कराए जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
सुजीत शंकर,कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक- “घटना को गंभीरता से लेते हुए कनवास थाने में तैनात आरोपी सब इंस्पेक्टर सुरेश चंद शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।”