Kanwas News/कनवास. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को उपखंड मुख्यालय पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में केंद्र सरकार की शिक्षा नीति और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई गई और प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस कार्यकर्ता चमन चौराहा पर एकत्रित हुए, जहां से देहात जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह के नेतृत्व में रैली निकाली गई।
रैली उपखंड कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “पेपर लीक के दोषियों को सजा दो”, “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” और “युवा विरोधी केंद्र सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और युवाओं के मुद्दों पर संसद में चर्चा कराने की मांग की।
देहात जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सिंह ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार युवाओं को न्याय देने में विफल रही है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांगोद के अध्यक्ष मिर्ज़ा शकील अहमद ने कहा कि युवा रोजगार, शिक्षा और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शन के अंत में नगर कांग्रेस कमेटी कनवास के अध्यक्ष रघुनंदन गौतम ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
प्रदर्शन में यह रहे मौजूद- देहात जिला उपाध्यक्ष मांगीलाल नागर,रामराज यादव, महावीर पारेता, अंकुश शर्मा,जगदीश मीणा, राजेंद्र रेगर, भुवनेश शर्मा, मदन मोहन नागर,मण्डल अध्यक्ष दिग्विजय सिंह,नरेन्द्र सोनी, ऋषिराज मीणा,विशाल तिवारी, विशाल मीणा, विक्रम धाकड़, देवलाल गुर्जर, रामावतार खटीक,गोविंद श्रृंगी,गौरीशंकर चौधरी , लोकेश मीणा,यादराम मेघवाल,सुरेश मेवाडा,महावीर नायक,दीनदयाल गुर्जर,रईस सिद्दीकी , गोविन्द शर्मा सहित कहीं पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भानु प्रताप सिंह, देहात जिलाध्यक्ष- “लगातार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। हमारी मांग है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, युवाओं को न्याय मिले और केंद्र सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करे।”