Kanwas News/कनवास. कस्बे के वसुधा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिविल न्यायाधीश, कनवास ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्था प्रधान रघुकुल नंदन गौतम ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण एवं तिलक लगाकर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा जीवन को बर्बाद कर देता है, इसलिए नशा करने वाले लोगों की संगति से हमेशा दूर रहें। उन्होंने विद्यार्थियों से तेज गति से वाहन नहीं चलाने, मोबाइल का सीमित उपयोग करने, कानून का पालन करने और एक आदर्श नागरिक एवं विद्यार्थी बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरिराज सेन ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जानकारी और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के अंत में संस्था निदेशक गौतम ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।