Kanwas News/सांगोद. सांगोद में कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर की अध्यक्षता में विशेष जनसुनवाई एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृत्त क्षेत्र सांगोद के आमजन, परिवादी, सीएलजी सदस्य, व्यापार मंडल, महिला स्वयं सहायता समूह, पत्रकार, सुरक्षा सखी, निजी स्कूल संचालक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जनसुनवाई के दौरान करीब 80 से 90 लोग उपस्थित रहे, जिनमें 10 से 15 परिवाद प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने कई मामलों की मौके पर ही सुनवाई कर उनका निस्तारण किया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों की पालना, महिला सुरक्षा, जमीनी विवादों का शांतिपूर्ण समाधान और नशामुक्ति को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयर करने, क्यूआर कोड स्कैन करने और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, नाबालिगों को वाहन नहीं देने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
महिला सुरक्षा को लेकर हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। महिलाओं से किसी भी प्रकार की हिंसा, छेड़छाड़ या साइबर उत्पीड़न की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने की शपथ भी दिलाई गई।
सुजीत शंकर, कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक- “थाना सांगोद में विशेष जनसुनवाई एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आमजन की शिकायतों को सुना गया, कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। लोगों को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही एसपी हेल्पलाइन नंबर 8764520202 की जानकारी देकर किसी भी शिकायत की सीधे सूचना देने की अपील की गई।”