सांगोद में 23 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, सिर पर चोट के निशान, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

Kanwas News/सांगोद. नगर में सोमवार सुबह एक 23 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या, सड़क हादसे और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ताखाजी मंदिर मोहल्ले के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना सोमवार सुबह पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान अदालत परिसर के पीछे रहने वाले शुभम माली (30) के रूप में हुई।

परिजनों ने बताया कि शुभम रविवार रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह उसका शव सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर और सिर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई है कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर था। हालांकि, पुलिस सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर रही है।

वहीं, सांगोद थाना अधिकारी पवन मीणा ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन जांच के दौरान उसकी पहचान शुभम माली के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु, संभवतः पत्थर से चोट लगने के निशान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

Update:- संदिग्ध मौत के मामले में सांगोद थाना अधिकारी मीणा ने बताया कि मामले में आरोपी को डिटेन कर लिया है, आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।  थाना अधिकारी के अनुसार, युवक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ