धूलेट में ग्रामीण सेवा शिविर: 22 विभागों ने मौके पर निपटाए काम, अतिक्रमण हटाया, 100 पीएम किसान आवेदनों का सत्यापन

Kanwas News/कनवास. ग्राम पंचायत मुख्यालय धूलेट में गुरुवार को ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों ने एक ही स्थान पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर विभिन्न योजनाओं से जुड़े कार्यों का मौके पर निस्तारण किया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान विकास अधिकारी सूरज वर्मा ने उपखंड अधिकारी बाबूलाल मीणा, तहसीलदार महेंद्र सिंह तथा पंचायत समिति के सहायक विकास अधिकारी ऋषभ कुमार जैन का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
शिविर में राजस्व विभाग ने दो सहमति विभाजन के प्रकरणों का निस्तारण करते हुए 25 नाम दुरुस्त किए। अतिक्रमण प्रकोष्ठ ने दो सार्वजनिक रास्तों से अतिक्रमण हटवाया। कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 100 आवेदनों का सत्यापन किया। पंचायती राज विभाग ने खातेदारी सुरक्षा के 30 आवेदनों का सत्यापन किया, आठ जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए तथा एक सामुदायिक शौचालय को स्वीकृति दी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के 14 आवेदन भरवाए गए। सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत दो पेंशन प्रकरणों में कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग ने पात्र लाभार्थियों की ई-केवाईसी की। रोडवेज विभाग ने 12 बस पास के आवेदन प्राप्त किए, जबकि चिकित्सा विभाग ने मरीजों को आयुर्वेदिक दवाइयों के साथ स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी के समक्ष मुख्य सड़क पर नालों के पानी की निकासी, फ्लोराइडयुक्त पेयजल की समस्या तथा राजकीय विद्यालय की चारदीवारी निर्माण की मांग रखी।

अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। दिनभर चले शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ उठाया और कई लंबित कार्यों का मौके पर ही निस्तारण किया।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ