Kanwas News/कनवास(देवली मांझी). ग्राम पंचायत बालूहेड़ा में मंगलवार को आयोजित प्रशासनिक शिविर के दौरान प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई कनवास एसडीएम बाबूलाल मीणा और तहसीलदार की मौजूदगी में की गई। प्रशासन ने ग्राम खेड़ली काकूनिया के खसरा नंबर 250, ग्राम बालूहेड़ा के खसरा नंबर 65 तथा रास्ता खसरा नंबर 305 से अतिक्रमण हटाकर संबंधित विभागों को भूमि का कब्जा सौंप दिया।
एसडीएम मीणा ने बताया कि देवली मांजी क्षेत्र में बजट घोषणा के तहत करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से खेड़ली–गरडाना–कचौलिया–काकूनिया सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क निर्माण के दौरान अतिक्रमण बड़ी बाधा बन रहा था, जिसके चलते प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एईएन दीपक दाधीच ने बताया कि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार खेड़ली काकूनिया निवासी प्रेमचंद नागर ने सड़क की सीमा पटरी पर अवैध रूप से नींव खोदकर पक्की दीवार का निर्माण शुरू कर दिया था। इससे सरकारी भूमि को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा था।
एसडीएम ने कहा कि यह अतिक्रमण राजकीय एवं सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने के साथ आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहा था। भविष्य में किसी भी समय दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इसे हटाना आवश्यक था। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार को मौका मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पहले सड़क का सीमांकन कराया, जिसके बाद जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के बाद भूमि का कब्जा संबंधित विभाग को सौंप दिया गया। पूरे अभियान के दौरान देवली मांजी थाना पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
बाबूलाल मीणा (कनवास एसडीएम)- “सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी”