मोईकलां क्षेत्र में बारां-झालावाड़ हाईवे पर सड़क हादसे में युवक की मौत

Kanwas News/मोईकलां. क्षेत्र में बारां-झालावाड़ मेगा हाईवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डूंगरपुर और लटूरी गांव के बीच बाइक की भैंस से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक पीपल्दा निवासी आशीष मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल बपावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बारां जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में आशीष ने दम तोड़ दिया। मोईकलां पुलिस चौकी प्रभारी रामेश्वर मीणा ने बताया कि आशीष खानपुर की ओर से बपावर जा रहा था। इसी दौरान डूंगरपुर और लटूरी गांव के बीच अचानक सामने आई भैंस से उसकी बाइक टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। युवक की मौत से परिजनों में शोक की लहर है।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ