Kanwas News/कनवास. उपखंड क्षेत्र में जगदीशपुरा तक बन रही संपर्क सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने मंगलवार को सख्त कदम उठाए हैं। बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत नॉन-पेचेबल योजना में इस सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन रास्ते में किए गए अतिक्रमण के कारण काम प्रभावित हो रहा था।
कनवास उपखंड अधिकारी बी.एल. मीणा ने तहसीलदार कनवास, पुलिस प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार सुबह साढ़े 11 बजे मौके पर सीमाज्ञान और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। तहसीलदार को मौका मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है, जबकि पुलिस थाना कनवास को पर्याप्त पुलिस जाब्ता और महिला पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग को आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने और आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।