Kanwas News/कनवास. न्यायलय परिसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह 7 बजे योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन न्यायालय सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, कनवास तथा तालुका विधिक सेवा समिति, कनवास के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट निखिल टांक, बार एसोसिएशन अध्यक्ष महेश कुमार मालव सहित अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारी, पैनल एडवोकेट एवं पीएलवी सदस्य उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षक मंजू टांक ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा नियमित योग के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा आमजन को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली एवं योग को जन-जन तक पहुंचाने के संदेश के साथ हुआ।
Kanwas News/धुलेट. ग्राम पंचायत धुलेट के पंचायत भवन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर धुलेट की ओर से योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत धुलेट के सरपंच रमेश महेश्वरी मुख्य अतिथि तथा भाजपा नेता ईश्वर सेन वरिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत आयुर्वेदिक चिकित्सक सुप्रीत कौर द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं अतिथियों से दीप प्रज्ज्वलित करवाकर की गई। इसके बाद चिकित्सा कर्मी अशोक राठौर ने योग प्रशिक्षक के रूप में ग्रामीणों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया।
कार्यक्रम में विजय गोयल, मुकेश सुमन, रवि नागर, सुमित चौहान, देवेंद्र नागर, राजू पंडित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नियमित योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में अपनाने का संकल्प लिया।