Kanwas News/सांगोद. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को सांगोद में आयोजित “हल्ला बोल” प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और युवा शामिल हुए। देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मिर्जा शकील अहमद के संयोजन में मुकुंद मैरिज हॉल से विशाल जुलूस निकाला गया, जो विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने विभाग का घेराव कर राज्यपाल के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर, महंगाई, पेपर लीक और किसानों से जुड़े मुद्दों पर आमजन परेशान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस व्यापक और उग्र आंदोलन करेगी। ज्ञापन में डीएपी-यूरिया एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जबरन स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, बिजली व्यवस्था में सुधार, महंगाई पर नियंत्रण, किसानों की भूमि में जबरन रास्ते निकालने पर रोक, मारू भाट परिवारों के पुनर्वास, अवैध जंगल कटाई रोकने, सांगोद कृषि उपज मंडी को शुरू करने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, मनरेगा में ठेका प्रथा समाप्त करने तथा पेपर लीक मामलों में कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मिर्जा शकील अहमद ने कहा कि सांगोद की जनता ने एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की है और कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष कपिल नागर, पूर्व जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश शर्मा, जिला परिषद सदस्य सम्भव वर्मा, जिला परिषद सदस्य गीता मेघवाल, मण्डल अध्यक्ष ऋषिराज मीणा, दिग्विजय सिंह, देवलाल गोचर, विशाल मीणा, अरविंद सिंह ब्रजलिया, विशाल तिवारी, अध्यक्ष महिला ब्लॉक काँग्रेस कमेटी दृष्टि सुमन, बद्रीलाल यादव, सांगोद नगर अध्यक्ष मनोज सुवालका, नगर अध्यक्ष बपावर मनीष गोड, देहात जिला अध्यक्ष एस सी मोर्चा परसराम मेघवाल सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।