‘सुपोषित मां अभियान’ के तहत कनवास क्षेत्र की 9पंचायतों में बंटी पोषण किट

Kanwas News/कनवास. विधानसभा क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व में क्षेत्र में ‘सुपोषित मां अभियान’ पूरी गति के साथ संचालित हो रहा है। इसी अभियान के तहत जून माह में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों की गर्भवती महिलाओं को मासिक सुपोषित किट का वितरण शुक्रवार को किया गया। इस दौरान कनवास क्षेत्र की मौरुकला, कनवास, जालिमपुरा, हिंगोनिया, धुलेट, बास्याहेडी, दाता, लोढ़ाहेडा और मामोर ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर चिन्हित गर्भवती महिलाओं को पोषण से भरपूर किट सौंपी गईं। इस अवसर पर पूर्व सरपंच दुर्गालाल गुर्जर, सरपंच प्रतिनिधि गोपाल गुर्जर, पूर्व सरपंच हरिप्रकाश, अर्जुन, आबिद, धनराज योगी, रमेश महेश्वरी और प्रशासक राजेंद्र नागर सहित कई नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

कनवास ग्राम पंचायत में आयोजित किट वितरण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों और महिलाओं को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सत्यवान नागर ने कहा कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की प्रेरणा से संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना और जच्चा-बच्चा दोनों को स्वस्थ व सुरक्षित रखना है। पूर्व मंडल अध्यक्ष कौशल सोनी ने राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल निर्देशन में राज्य सरकार पंक्ति के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ऐतिहासिक और गौरवशाली निर्वाचन के 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी के विजनरी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना से लागू की गई जनहितैषी योजनाओं ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन को सुगम बनाया है और उनके मजबूत मार्गदर्शन में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ