‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ के तहत चौपाल, गंदगी पर भड़के ऊर्जा मंत्री,लापरवाह अधिकारियों को दी चेतावनी

Kanwas News/सांगोद. क्षेत्र के दौरे पर रहे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ के तहत आयोजित ग्रामीण चौपालों में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। दौरे में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल और प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीण चौपालों को संबोधित करते हुए मंत्री नागर ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए पानी की एक-एक बूंद बचाने का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संग्रहण (वॉटर हार्वेस्टिंग) अपनाने और गांवों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। साथ ही कीचड़ और गंदगी के स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक तरीकों से कार्य करने पर जोर दिया। अभियान के तहत मंत्री नागर ने कुराडिया खुर्द, श्यामपुरा और मंडाप गांवों का भी दौरा किया। ग्रामीणों ने उनका स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

बोरीना और अमृत कुआं में गंदगी देख नाराज हुए मंत्री- दौरे के दौरान मंगलवार रात मंत्री नागर जब बोरीना और अमृत कुआं गांव पहुंचे तो नालियों की सफाई नहीं होने और चारों ओर फैली गंदगी व कीचड़ को देखकर नाराजगी जताई। बोरीना गांव में ग्रामीणों ने नाला चौक होने से बरसाती पानी खेतों में भरने की शिकायत की, जिस पर मंत्री स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने विकास अधिकारी को फटकार लगाई और आठ दिन के भीतर सभी नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा तक यदि स्थिति नहीं सुधरी तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना वीडीओ की सहमति के कोई फर्जी बिल पास नहीं हो सकता, इसलिए जिम्मेदारी तय होगी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घटिया निर्माण पर होगी रिकवरी, फर्जी कंपनियां होंगी ब्लैकलिस्ट- चौपाल के दौरान मंत्री नागर ने स्पष्ट कहा कि सफाई और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बीडीओ को निर्माण कार्यों की जांच कर दोषी ठेकेदारों से रिकवरी करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि यदि जांच में घटिया निर्माण या फर्जी बिलिंग सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ